रांची : राजधानी रांची से लगभग 20 किलोमीटर दूर स्थित ओरमांझी में दिनदहाड़े तीन लोगों की हत्या कर दी गयी है। प्राथमिक सूचना के मुताबिक आपसी विवाद की वजह से हत्या की गयी है। हत्याकांड की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिस के जवान मौके पर तैनात कर दिए गए हैं। किसी भी तरह की संभावित घटना को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड पर है। मरने वालों में दो महिलाएं भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि आपसी कहासुनी में विवाद इतना बढ़ गया कि लोग एकदूसरे को मारने के लिए टूट पड़े । इसी मारपीट के बीच हत्या कर दी गयी।
घटना के सम्बन्ध में प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना ओरमांझी थाना क्षेत्र के गूंजा देवनजारा टोला की है। यहां आपसी विवाद में दिनदहाड़े तीन लोगों की हत्या कर दी गयी है। गुरुवार की दोपहर दो परिवारों के बीच हुए आपसी विवाद में तीन लोगों की हत्या लाठी डंडा और लिहे के हथियार से मारकर की गई है। मृतकों में जनेश्वर बेदिया (उम्र 42 वर्ष), सरिता देवी (उम्र 39 वर्ष )और संजू देवी (उम्र 25 वर्ष) शामिल है। पुलिस ने सभी तीनों शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं आगे की जांच में स्थानीय पुलिस जुट गई है। आपसी विवाद का मर्डर में तब्दील हो जाने की घटना आसपास में चर्चा का विषय बना हुआ है। घटनास्थल पर आसपास के लोग जमा हो गए हैं। वहीं पुलिस बलों को भी तैनात किया गया है।
जानकारी के मुताबिक इस हत्याकांड के पीछे की वजह जानवरों द्वारा फसल चर जाना है। स्थानीय लोगों के मुताबिक जनेश्वर बेदिया के खेत में फसल लगा हुआ है। उनके गोतिया के यहां सूअर है। इन्हीं सूआरो ने फसल बर्बाद कर दिया था। इसी को लेकर दोनों में विवाद चल रहा था। बातचीत के साथ शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के द्वारा एक दूसरे पर लाठी डंडे से हमला शुरू कर दिया। इसी बीच आपसी विवाद में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि कई लोगों के घायल होने की सूचना है। इस मामले में प्रभारी ग्रामीण एसपी हरीश बिन जमा ने कहा कि जानवर के द्वारा फसल चरने को लेकर हुए विवाद हुआ, जिसमें तीन लोगों की हत्या कर दी गई।
