जमशेदपुर : जन विकास मंच के अध्यक्ष सौरभ विष्णु के नेतृत्व में मानगो स्थित राजस्थान भवन में सौरभ विष्णु फाउंडेशन की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जमशेदपुर के प्रबुद्ध वर्ग के लोगों ने हिस्सा लिया l बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी छठ महापर्व के अवसर पर 12 नवंबर 2026 को कुल 30 क्विंटल लौकी का निःशुल्क वितरण किया जाएगा।
इस अवसर पर सौरभ विष्णु ने कहा कि पिछले वर्ष छठ पूजा के समय ही सौरभ विष्णु फाउंडेशन की स्थापना की गई थी। स्थापना के अवसर पर मानगो में श्रद्धालुओं के बीच 5 क्विंटल लौकी का निःशुल्क वितरण किया गया था। लोगों के सहयोग, विश्वास और अपार स्नेह को देखते हुए इस वर्ष वितरण का लक्ष्य बढ़ाकर 30 क्विंटल किया गया है। कदमा में दो स्थानों पर, सोनारी में एक स्थान पर, साकची में एक स्थान पर तथा मानगो में तीन स्थानों पर श्रद्धालुओं के बीच लौकी वितरित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि छठ महापर्व आस्था, पवित्रता और सेवा का प्रतीक है। छठी मईया की कृपा से यदि इस वर्ष लौकी वितरण का कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न होता है, तो अगले वर्ष छठी मईया के आशीर्वाद एवं फाउंडेशन के सभी सदस्यों के सहयोग से इससे भी बड़े स्तर पर लौकी वितरण का आयोजन किया जाएगा। हमारा संकल्प है कि प्रत्येक वर्ष इस सेवा का विस्तार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक छठ व्रत करने वाले श्रद्धालुओं को सहयोग मिल सके। फाउंडेशन की यह सेवा पहल भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगी।
बैठक में मुख्य रूप से संजीव कुमार गुना, सुमन शर्मा, आशीष गुप्ता, नीलकमल शेखर, अनिल सिंह, अजय कुमार सिंह, विभूति जेना, विवेक जी, मुकेश, के. गिरी, दशरथ चौबे, भगवान मिश्रा, राम अवधेश चौबे, कुंती भारती, पंकज तिवारी, किशोर , चंदना बनर्जी एवं शशि भूषण सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।









