घाटशिला थाना क्षेत्र के तामाकपाल एनएच में रविवार को सड़क दुर्घटना में बाइक सवार एक महिला की मौत हो गई. प्राप्त समाचारों के अनुसार महिला अपने पति के साथ मोटरसाइकिल से राजमिस्त्री का काम करने जा रही थी. इस दुर्घटना में महिला का पति गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने 108 एंबुलेंस को सूचित किया जिसके बाद गंभीर रूप से घायल महिला और उसके पति को घाटशिला स्थित अनुमंडल अस्पताल लाया गया. अनुमंडल अस्पताल में जांच के पश्चात चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घाटशिला थाना क्षेत्र के केंदोपोशी गांव निवासी 52 वर्षीय सिंगू माडी एवं उनकी 45 वर्षीय पत्नी छीता मार्डी बाइक पर सवार होकर तामकपाल किसी के घर में राजमिस्त्री का काम करने आए थे. पति राज मिस्त्री और पत्नी एक साथ मजदूरी का काम करते है. रविवार की सुबह यह दंपत्ति तामकपाल स्थित पेट्रोल पंप से पेट्रोल भरवाने के बाद जैसे ही एनएच पर लौटा इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही एक ट्रक ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया जिसके बाद बुरी तरह से घायल छीता मार्डी की मौत घटनास्थल पर ही हो गई. अस्पताल में चिकित्सको ने छिता मार्डी को मृत घोषित कर उसके पति को बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल जमशेदपुर भेज दिया है.










