बिरसानगर पुलिस ने लूटी हुई स्कूटी के साथ दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में बिरसानगर जोन नंबर 1 निवासी रोहित करुवा उर्फ करछू और जोन नंबर 6 निवासी अजय मुखी उर्फ बड़का शामिल है. पुलिस ने आरोपियों के पास से विगत दिनों खड़ंगाझार से लूटी गयी एक स्कूटी भी बरामद किया है. इस बारे में जानकारी देते हुए थाना प्रभारी प्रभात कुमार ने बताया कि शुक्रवार देर शाम एसआई नवल किशोर दास गश्ती पर थे. जोन नंबर 1 बी दासपाड़ा के पास दो युवक स्कूटी को धक्का मारकर धकेलते हुए ले जा रहे थे. उनकी गतिविधियाँ संदिग्ध लगने पर नवल किशोर जैसे ही उनके पास गए तो दोनों युवक स्कूटी छोड़कर भागने लगे. इसके बाद पुलिस ने खदेड़कर दोनों को पकड़ा और पूछताछ शुरू की. पूछताछ के क्रम में दोनों ने स्कूटी लूट की होने की बात स्वीकार की. थाना प्रभारी ने बताया कि पूछताछ में दोनों ने बताया कि बीते दिनों टेल्को थाना क्षेत्र के खड़ंगाझार में स्कूटी की लूट की थी और उसी से घूम रहे थे. स्कूटी में तेल खत्म हो गया था तो उसे धक्का मारकर ले जा रहे थे. थाना प्रभारी प्रभात कुमार ने बताया कि दोनों युवको का पूर्व में भी अपराधिक इतिहास रहा है और अन्य मामले में दोनों पूर्व में भी जेल जा चुके है.










