चाकुलिया- बेंद मुख्य सड़क पर बुधवार को मारदाबांध गांव के समीप पश्चिम बंगाल से चाकुलिया की ओर आ रही तेज रफ्तार हाइवा ने सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गया. इस घटना से पेड़ उखड़ गया और हाइवा उसे घसीटते हुए लगभग 20 फीट दूर ले गया. हाइवा का अगला भाग क्षतिग्रस्त हो गया. इस दुर्घटना से पश्चिम बंगाल के रायपुर चांपाबनी निवासी प्रबीर मांझी (23) गंभीर रूप से घायल हो गया और गाड़ी के स्टीयरिंग में फंस गया. वहीं खलासी बाल-बाल बच गया. हाइवा में फंसे चालक को स्थानीय ग्रामीणों ने बाहर निकाला.

ग्रामीणों ने इसकी सूचना 108 एंबुलेंस को दी. गंभीर रूप से घायल हाइवा चालक को 108 एंबुलेंस से चाकुलिया के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लाया गया. चालक की स्थिति गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद डॉ. स्वाति कुमारी ने उसे बेहतर इलाज के लिए झाड़ग्राम रेफर कर दिया. घटना के बारे में मिली जानकारी के अनुसार वाहन संख्या डब्ल्यूबी 67 सी 1237 पश्चिम बंगाल के रायपुर से धालभूमगढ़ जा रहा था. इसी जाने के क्रम में घटना घट गई.










