Chakradharpur :- पश्चिमी सिंहभूम जिला अंतर्गत चक्रधरपुर थाना परिसर में आज चक्रधरपुर विधानसभा के विधायक सुखराम उरांव, उपायुक्त अनन्य मित्तल व पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर के द्वारा संयुक्त रूप से अधिष्ठापित सिटी सर्विलांस कंट्रोल रूम चक्रधरपुर का लोकार्पण किया गया । विदित हो कि चक्रधरपुर में सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर शहर के विभिन्न चौक चौराहों पर 100 सीसीटीवी कैमरा तथा पवन चौक एवं स्टेट बैंक मोड़ चौक पर दो पब्लिक ऐड्रेसिंग सिस्टम का अधिष्ठापन किया गया है। इस अवसर पर चक्रधरपुर विधानसभा के विधायक सुखराम उरांव ने कहा कि शहर के चौक चौराहों पर सीसीटीवी लग जाने से अब शहर में घटित होने वाली गतिविधियों पर आसानी से नजर रखी जा सकेगी। वहीं उन्होंने चक्रधरपुर में हाईटेक सीसीटीवी कैमरा तथा कंट्रोल रूम बनाए जाने पर जिला प्रशासन के आभार भी व्यक्त किया। इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि चक्रधरपुर शहर के संवेदनशील जगहों पर कैमरा का लगाया गया है, जो कि चक्रधरपुर शहर मे घटने वाली आपराधिक घटनाओं मे नियंत्रण पाने क़ी दिशा मे काफी कारगर साबित होगा । वहीं जिले के पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सीसीटीवी कैमरा लगने के उपरांत पुलिस को भी अपने अनुसंधान में काफी सहूलियत होगी।

इस अवसर पर पोड़ाहाट-चक्रधरपुर अनुमंडल पदाधिकारी रीना हांसदा, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कपिल चौधरी, सहायक समाहर्ता राजलक्ष्मी, चक्रधरपुर प्रखंड विकास पदाधिकारी संजय कुमार सिन्हा, अंचलाधिकारी बाल किशोर महतो, थाना प्रभारी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।










