जादूगोड़ा : घाटशिला अनुमंडल के अग्निशमन पदाधिकारी रामाशीष राम ने जादूगोड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले 14 दुर्गा पूजा पंडालों का भ्रमण किया और पूजा कमिटियों के पदाधिकारियों और सदस्यों को आकस्मिक स्थिति में होने वाले अग्निकांड से बचने का विधिवत प्रशिक्षण दिया l इस दौरान पुलिस बल के साथ मुसाबनी के पुलिस उपाधीक्षक रोहित रजवार भी उपस्थित रहे l

प्रशिक्षण के दौरान अग्निशमन पदाधिकारी ने पूजा कमिटी के सदस्यों को बताया की पूजा के दौरान अग्निकांड से बचाव के लिए सूती कपड़ो का पंडाल बनाये तथा पंडाल के चारों तरफ खुली जगह रखें साथ ही मुख्य मार्ग से पंडाल तक आने -जाने के लिए एक अलग से आपातकालीन रास्ता बना कर रखें l पंडाल के अंदर एबीसी फायर एक्सटिंग्विशर एवं CO2 पंडाल के अंदर एमसीबी ईएलसीबी लगाना जरूरी है साथ ही पंडाल में बल्ब 1 मीटर दूरी बनाकर लगाएं और बिजली के कनेक्शन को पूरी तरह से इंसुलेटेड करके रखें ताकि शोर्ट सर्किट से बचा जा सके l इसके अलावा कम से कम 10 की संख्या में कम्बल और बालू की बाल्टी पंडाल में हमेशा उपलब्ध रखें l इसके अलावा उन्होंने अग्नि सुरक्षा सलाह पत्र देकर अग्निशामक यंत्र चलाने की विधि भी बताई l
रामाशीष राम ने बताया की पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त के निर्देश पर अनुमंडल के सभी दुर्गा पूजा पंडालों में स्थानीय पुलिस के सहयोग से भ्रमण कर पूजा कमिटियों को अग्नि सुरक्षा सलाह पत्र देने के अलावा आवश्यक प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है l ताकि दुर्गा पूजा समारोहों के आयोजन में किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके l









