संदीप मुखर्जी
कोडरमा: जिले के तिलैया थाना क्षेत्र में हत्या कर शव छिपाने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। इस मामले में दो दिन पहले दर्ज प्राथमिकी के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने महिला का शव बरामद कर लिया है। गिरिडीह जिले के राजधनवार थाना क्षेत्र के झगरूडीह निवासी सोनू देवी ने तिलैया थाना में आवेदन देकर आरोप लगाया था कि उनकी पुत्री प्रीति कुमारी की हत्या उसके पति पवन सोनार ने कर दी है और शव को छिपा दिया है। इस आधार पर तिलैया थाना कांड संख्या 100/26 दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के निर्देश पर एसडीपीओ अनिल कुमार सिंह के नेतृत्व में चार विशेष टीमों का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। इस दौरान सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान चलाया गया। साथ ही विभिन्न थानों और एजेंसियों से समन्वय स्थापित किया गया। लगातार प्रयास के बाद तिलैया थाना क्षेत्र के ग्राम गुमो स्थित सतपुलिया के पास झाड़ियों में काले प्लास्टिक में बंधा महिला का शव बरामद किया गया। मृतका के परिजनों ने शव की शिनाख्त प्रीति कुमारी (25 वर्ष) के रूप में की। घटना के बाद एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य संकलन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। दूसरी ओर मुख्य आरोपी पति पवन सोनार की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस ने इस मामले में प्रयुक्त टोटो वाहन को भी गिरिडीह जिले से बरामद कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और आरोपियों की गिरफ्तारी में लगी है।










