जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम सेन्ट्रल दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष एवं झारखंड के पूर्व भू – राजस्व मंत्री दुलाल भुइयां की अध्यक्षता में जमशेदपुर स्थित परिसदन सभागार में शारदीय दुर्गा पूजा 2026 के सफल, शांतिपूर्ण एवं भव्य आयोजन को लेकर समिति की कार्यकारिणी बैठक आयोजित की गई।
बैठक की शुरुआत विधिवत दुर्गा स्तुति के साथ हुई। पटमदा प्रखंड के जिला परिषद सदस्य सह समिति के वरीय उपाध्यक्ष खगेन चंद्र महतो ने स्वागत संबोधन के साथ बैठक की कार्यवाही का शुभारंभ किया।
समिति के महासचिव ललन यादव ने वर्ष 2025 में सम्पन्न शारदीय दुर्गा पूजा सहित अन्य सार्वजनिक पर्व-त्योहारों के दौरान समिति द्वारा किए गए सहयोग एवं रचनात्मक कार्यों का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि पूर्वी सिंहभूम जिले में आयोजित होने वाले प्रमुख पर्व-त्योहारों, जैसे रामनवमी, भगवान जगन्नाथ महाप्रभु की रथ यात्रा, छठ एवं दीपावली आदि के अवसर पर जिला प्रशासन को विधि-व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने में समिति द्वारा पूर्ण सहयोग प्रदान किया जाता है। साथ ही जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करते हुए आयोजन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने में मुख्य भूमिका अदा की जाती है l बैठक में समिति के कोषाध्यक्ष जितेन्द्र कुमार सिंह ने आय-व्यय का विस्तृत लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। बैठक में जिला भर से उपस्थित पूजा कमिटियों के प्रतिनिधियों ने अपनी -अपनी समस्याओं को अध्यक्ष के समक्ष रखा l

बैठक के दौरान विशेष रूप से घाटशिला एवं धालभूम अनुमंडल के ग्रामीण क्षेत्रों की सार्वजनिक दुर्गा पूजा समितियों के प्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन द्वारा अनुज्ञप्ति पत्र (लाइसेंस) निर्गत नहीं किए जाने पर गहरी नाराजगी एवं चिंता व्यक्त की। प्रतिनिधियों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कई सार्वजनिक दुर्गा पूजा समितियों द्वारा पिछले कई दशकों से विधिवत एवं शांतिपूर्ण तरीके से पूजा का आयोजन किया जा रहा है। इसके बावजूद बार-बार अनुरोध किए जाने के बाद भी कई समितियों को अनुज्ञप्ति पत्र प्राप्त नहीं हो सका है। प्रतिनिधियों ने इस समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की।
इसके अतिरिक्त बैठक में शहरी क्षेत्रों की तर्ज पर ग्रामीण क्षेत्रों की दुर्गा पूजा समितियों को भी सभी आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने, पूजा के दौरान नियमित विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई, विधि-व्यवस्था एवं पर्याप्त मात्रा में स्लैग की व्यवस्था सुनिश्चित करवाने, विसर्जन घाटों की मरम्मत, जर्जर सड़कों की मरम्मत, पेड़ों की आवश्यक छंटाई तथा पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था* सुनिश्चित करवाने पूजा एवं विसर्जन के दौरान *चलंत चिकित्सा व्यवस्था, अग्निशमन सेवा, यातायात व्यवस्था तथा पर्याप्त संख्या में महिला एवं पुरुष पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति करवाने की मांग की गयी l
प्रमुख रूप से विसर्जन घाटों पर प्रशिक्षित गोताखोरों एवं मूर्ति विसर्जन के लिए क्रेन की समुचित व्यवस्था की करवाने, वर्ष 2026 की दुर्गा पूजा के सफल आयोजन के लिए टाटा स्टील, जुस्को, टाटा पावर एवं अन्य कॉर्पोरेट घरानों से CSR (कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व) मद के तहत दुर्गा पूजा समितियों को आर्थिक सहयोग उपलब्ध की भी मांग रखी गयी l

सभी समस्याओं को सुनने के बाद समिति के अध्यक्ष दुलाल भुइयां ने सभी दुर्गा पूजा समितियों को आश्वस्त किया कि पूजा से पूर्व समिति का एक शिष्टमंडल जिला उपायुक्त एवं वरीय प्रशासनिक अधिकारियों से मुलाकात कर पूजा समितियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए आवश्यक पहल करेगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कई दशकों से सार्वजनिक दुर्गा पूजा शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में आयोजित होती रही है। जिन पूजा समितियों को अब तक अनुज्ञप्ति पत्र प्राप्त नहीं हुआ है, उन्हें अनुज्ञप्ति दिलाने के लिए समिति की ओर से हर संभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि पूर्व के वर्षों में जिला प्रशासन एवं सरकार द्वारा पूजा समितियों को उपलब्ध कराई जाने वाली आवश्यक सुविधाओं को इस वर्ष भी सुलभ कराने के लिए प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से मांग रखी जाएगी। अध्यक्ष ने कहा कि शहर के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में जिन प्रतिष्ठित कंपनियों एवं औद्योगिक प्रतिष्ठानों के कमांड एरिया आते हैं, उनसे भी सीएसआर मद के तहत दुर्गा पूजा समितियों को आवश्यक सहयोग प्रदान करने का आग्रह किया जाएगा। उन्होंने सभी पूजा समितियों से शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण में दुर्गा पूजा का आयोजन करने तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने में जिला प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने की अपील की।
समिति के वरीय उपाध्यक्ष आशीष गुप्ता ने कहा कि विगत वर्ष हमारी समिति के प्रयासों से पूर्वी सिंहभूम जिला के ग्रामीण क्षेत्रों की पूजा समितियों की कई परेशानियों को सफलता पूर्वक दूर किया गया है । डुमरिया चाकुलिया बहरागोड़ा जैसे सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में समिति के सहयोग से निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करवाई गई । इसके साथ ही कुछ पूजा समितियों को अनुज्ञप्तियां भी निर्गत करवाया गया । वर्तमान समय में भी समिति का।प्रयास है कि जिला प्रशासन से समन्वय स्थापित कर इस दुर्गोत्सव को भव्य ओर सफल बनाया जाए ।
बैठक के अंत में समिति की संयुक्त सचिव सह अधिवक्ता विनीता मिश्रा ने उपस्थित सभी पदाधिकारियों, प्रतिनिधियों एवं सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया।
इस बैठक में वरीय उपाध्यक्ष खगेन चंद्र महतो कोषाध्यक्ष जितेंद्र कुमार ,सचिव पवन उपाध्याय अंकित जवानपुरिया ,राकेश साहू,रामस्वरूप यादव ,अशोक कुमार सिंह ,राखी पालित,श्वेता चक्रवर्ती,सीमा साहू,ज्योति देवी,नंद किशोर ठाकुर,रामबाबू यादव, तापस चटर्जी,मनोज कुमार ,कुंज विहार,अशोक कुमार सिंह,डी बोस,कमल यादव प्रणब नाहा ,अमित यादव सहित सभी सदस्य उपस्थित रहे ।
बैठक में पूर्वी सिंहभूम जिले के धालभूम एवं घाटशिला अनुमंडल के अंतर्गत आने वाले सभी 11 प्रखंडों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
समिति की आगामी बैठक 13 सितम्बर को पुनः जमशेदपुर परिसदन सभागार में आयोजित की जायगी l









