ओडिशा के बालासोर के पास शुक्रवार की शाम हुई कोरोमंडल एक्सप्रेस ट्रेन दुर्घटना में रेलगाड़ी पर सवार बहरागोड़ा के 4 मजदूर जख्मी हो गए हैं. जिनमे से दो मजदूरों का इलाज बालासोर के अस्पताल में हो रहा है, वहीँ 2 घायल मजदूरों को उनके परिजनो ने इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहरागोड़ा में भर्ती करवाया है. जानकारी के अनुसार ये सभी मजदूर चेन्नई के पेपर मिल में काम करने जा रहे थे. बहरागोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उइनाला के 20 वर्षीय सोनू पोलाई और रवि देहुरी इलाज के लिए भर्ती हैं. दोनों ने बताया कि वे उक्त ट्रेन में बालासोर से सवार हुए थे. बोगी नंबर एस 7 में सवार थे. बालासोर के आगे जैसे ही ट्रेन पहुंची जोर का झटका लगा और वे दोनों ट्रेन के बाहर एक गड्ढे में जाकर गिरे. काफी देर बाद उन्हें अस्पताल में लाया गया. इधर, उइनाला के ही मजदूर मनसा पोलाई और मोहनपुर के बूढ़ा नामक दोनों मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए थे जिनका इलाज बालासोर के ही अस्पताल में हो रहा है.










