घाटशिला थाना क्षेत्र के एनएच 18 फोरलेन पर पावड़ा स्थित पुराना पेट्रोल पंप के समीप गुरुवार की भोर चार बजे दुर्घटनाग्रस्त कंटेनर में पीछे से तेज गति से आ रही हाइवा ने टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी की चालक काफी देर तक कंटेनर के अंदर ही फसा रहा. रास्ते से गुजरने वाले दो लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी. उसके बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद किसी तरह हाइवा चालक को बाहर निकाला गया. घायल चालक को तुरंत घाटशिला अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया. अनुमंडल अस्पताल के चिकित्सक डॉ. आरएन सोरेन ने प्राथमिक उपचार करने के बाद घायल चालक को एमजीएम अस्पताल जमशेदपुर रेफर कर दिया. अस्पताल सूत्रों ने बताया कि चालक शामू दास पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम जिला के मानिकपाड़ा का रहने वाला है. घायल चालक से उसके पिता का मोबाइल नंबर लेकर घटना की जानकारी दे दी गई है . इस घटना में चालक सामू दास का दाहिना पैर टूट गया है. साथ ही उसके शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटे आई है. घटना के संबंध में स्थानीय लोगों ने बताया की कि तीन दिन पहले उसी स्थान पर खड़ी ट्रेलर को पीछे से कंटेनर ने धक्का मार दिया था. इस दुर्घटना में कंटेनर के चालक का बांया पैर पूरी तरह कट गया था और इलाज के दौरान असपातल में उसकी मृत्यु हो गई थी. पुलिस ने बताया कि कंटेनर को फोरलेन से हटाने के लिए एनएचएआई के कर्मचारियों ने कंटेनर के मालिक से 10 हजार रुपया लिया था. परंतु आज तक कंटेनर हटाया नहीं गया. एनएचएआई की लापरवाही के कारण यह दुर्घटना हुई है. एनएचएआई के अधिकारियों को पुलिस ने फटकार लगाते हुए फोरलेन से कंटेनर और हाइवा को तत्काल हटाने का निर्देश दिया.










