जमशेदपुर : क्षत्रिय कल्याण ट्रस्ट के संस्थापक अध्यक्ष एवं समाजसेवी रुद्रसेन सिंह का मल्टी ऑर्गन फेलियर के कारण निधन हो गया। वे पिछले कई दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। वर्तमान में वे पश्चिम बंगाल के हल्दिया स्थित पेट्रो कार्बन एंड केमिकल लिमिटेड में पूर्णकालिक निदेशक के रूप में कार्यरत थे और जीवन के अंतिम दिनों तक अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते रहे।
रुद्रसेन सिंह के निधन से जमशेदपुर के क्षत्रिय (राजपूत) समाज में शोक की लहर है। समाज ने उन्हें एक ऐसे दूरदर्शी नेतृत्वकर्ता के रूप में याद किया है, जिन्होंने क्षत्रिय समाज को संगठित करने और सामाजिक एकता स्थापित करने का महत्वपूर्ण प्रयास किया।
जब समाज में एकजुटता को लेकर चिंतन हो रहा था, तब रुद्रसेन सिंह ने “क्षत्रिय कल्याण ट्रस्ट” की स्थापना कर समाज को एक मंच पर लाने का बीड़ा उठाया। उनके नेतृत्व में पटमदा के गोबरघुसी में समाज के विकास एवं भविष्य की योजनाओं को ध्यान में रखते हुए 51 बीघा भूमि खरीदी गई, जिसे उनकी सबसे बड़ी उपलब्धियों में गिना जाता है।
उन्होंने अपने जीवनकाल में समाजहित के अनेक कार्य किए और आने वाली पीढ़ियों के लिए एक सशक्त विरासत छोड़ गए। अब समाज की निगाहें वर्तमान नेतृत्व पर हैं कि वे उनके अधूरे सपनों और सामाजिक विकास के संकल्प को किस प्रकार आगे बढ़ाते हैं।
रुद्रसेन सिंह अपने पीछे अपनी पत्नी चंद्रमा सिंह (पूर्व शिक्षिका), दो पुत्रों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।
उनके निधन पर जमशेदपुर के क्षत्रिय समाज ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि रुद्रसेन सिंह का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। समाज उनके प्रति आजीवन ऋणी रहेगा और वे हमेशा लोगों के दिलों में जीवित रहेंगे।









