बहरागोड़ा में पर्यटन विभाग द्वारा संचालित नवोदय विद्यालय के सामने दो मंजिला नटराज होटल को प्रशासन ने सील कर दिया है. बुधवार को झारखंड पर्यटन विभाग के प्रियंका केरकेट्टा, सीओ जितराय मुर्मु व पुअनि रामदेव यादव, आर के प्रसाद द्वारा सील करने की कार्रवाई की गई. इस सम्बन्ध में पदाधिकारियों द्वारा बताया कि पर्यटन विभाग के द्वारा नटराज होटल संचालन के लिए संवेदक जमशेदपुर निवासी अजय सचदेव साथ अनुबंध हुआ था . उसके अनुसार वार्षिक लाइसेंस फीस जमा नहीं करने के कारण बीते फरवरी महीने से ही एकरारनामा को रद्द कर दिया गया था. लेकिन फिर भी संचालक द्वारा होटल को चलाया जा रहा था. एकरारनामा रद्द करने के बाद विभाग के द्वारा संचालक को कई बार होटल खाली करने के लिए निर्देश दिया गया था. निर्देश के बावजूद होटल खाली नहीं किए जाने के बाद प्रशासन के द्वारा ऊक्त कार्रवाई की गई. जानकारी के अनुसार संवेदक का एकरारनामा फरवरी 2023 को ही रद्द कर दिया गया था. इसके बाद भी भवन खाली नहीं किए जाने पर पर्यटन विभाग ने अनुमंडल दंडाधिकारी घाटशिला को पत्र लिखकर भवन को हस्तगत करने की बात कही थी. जिसके आलोक में कार्रवाई की गई. प्रशासन की टीम द्वारा होटल में पहुंचकर बारी बारी करके सभी कामरा को लॉक किया तथा मेन गेट को सील कर दिया. उसके बाद रसोईघर को भी सील किया. उक्त होटल में पर्यटन विभाग के द्वारा चार गार्ड के रूप में परमेश्वर मंडी, जुगल किशोर सोरेन, बाबूराम मंडी व ठाकुर मुर्मू को तैनात किया है.










