मुसाबनी बस स्टैंड परिसर में स्थित सिदो-कान्हू की प्रतिमा क्षतिग्रस्त करने के विरोध में झामुमो का धरना- प्रदर्शन प्रशासनिक अधिकारियों के साथ वार्ता होने पर समाप्त हुआ. ज्ञात हो की विगत सोमवार की रात को किसी शरारती तत्व ने मुसाबनी बस स्टैंड परिसर में स्थापित शहीद सिदो -कान्हू की प्रतिमा का काफी भाग क्षतिग्रस्त कर दिया था. जिसके बाद झामुमो कार्यकर्ताओं ने प्रखंड अध्यक्ष प्रधान सोरेन के नेतृत्व में प्रतिमा का सामने धरना प्रदर्शन आरम्भ कर दिया था. इसके बाद पुलिस ने त्वरित कारवाई करते हुए प्रतिमा तोड़ने वाले युवक को हिरासत में ले लिया. पकड़ा गया युवक विक्षिप्त बताया जाता है.

धरना की सूचना पर मुसाबनी के पुलिस उपाधीक्षक चंद्रशेखर आज़ाद, पुलिस निरीक्षक मनोज कुमार मल्लिक, थाना प्रभारी राजा दिलावर, अंचल अधिकारी राजीव कुमार मौके पर पहुंचे और झामुमो नेताओं से वार्ता की और उन्हें पुलिस कारवाई की जानकारी दी. झामुमो कार्यकर्ताओं ने प्रतिमा का पुनर्निर्माण करवाने की भी बात की. जिसके बाद चार घंटे से जारी धरना -प्रदर्शन समाप्त हो गया.
इस मौके पर मुसाबनी प्रखंड झामुमो अध्यक्ष प्रधान सोरेन, डुमरिया प्रखंड अध्यक्ष मिर्जा सोरेन , शंकर चन्द्र हेम्ब्रम,कान्हू सामंत, सोमाय सोरेन, भागमत हंसदा, सहित भारी संख्या में झामुमो कार्यकर्त्ता उपस्थित रहे.










