बहरागोड़ा प्रखंड की सांडरा पंचायत अंतर्गत लोधनवानी गांव की 35 वर्षीय स्कूल शिक्षिका जबा महतो को एक जंगली हाथी ने हमला कर घायल कर दिया . घटना गुरुवार सुबह करीब 7 बजे की है. महिला अपने घर से पति तुषार महतो के साथ स्कूल जाने के लिए निकल रही थी. तभी जंगली हाथी ने उस पर हमला कर दिया. अचानक हुए इस हमले में महिला का एक पैर टूट गया है. इलाज के लिए उसे गोपीबल्लवपुर स्वास्थ्य केंद्र लाया गया. रविवार को महिला के टूटे हुए पैर में प्लास्टर किया जाएगा. पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि गणेश मुंडा ने बताया कि घटना की सूचना वन विभाग को दे दी गई है. घायल महिला को इलाज के लिए गोपीबल्लवपुर ले जाया गया है. विदित हो कि उक्त पंचायत के लुगाहारा के आसपास के जंगलों में शरणागत 40 से 50 जंगली हाथियों को विगत दो दिन से वन विभाग की क्विक रिस्पांस टीम के सदस्य और ग्रामीण पश्चिम बंगाल सीमा में खदेड़ने में जुटे हैं. मगर कोई ख़ास सफलता हाथ नहीं लगी है. वहीँ वन विभाग के इस अभियान का विपरीत असर देखने को मिल रहा है और हाथी जंगल से निकल कर गाँव और मुख्य सड़क की ओर आकर स्थानीय निवासियों को अपना शिकार बना रहे हैं .










