चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र स्थित मनोहरलाल प्लस टू हाई स्कूल के शिक्षक सच्चिदानंद प्रसाद सेवानिवृत्त हो गये. स्कूल परिसर में एक समारोह आयोजित कर विदाई दी गयी. इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला शिक्षा पदाधिकारी निर्मला बरेलिया ने सच्चिदानंद प्रसाद के कार्यों की सराहना की. प्रधानाचार्य सुभाष चंद्र महतो ने कहा कि सच्चिदा बाबू ने स्कूल शिक्षक व बच्चों को अपने परिवार समझ कर कार्य किया. यही कारण है कि सभी का उनसे गहरा लगाव हो गया.
मैट्रिक परीक्षा में बेहतर रिजल्ट करने वाले स्कूलों को जिला शिक्षा अधिकारी ने बधाई दी. जिला शिक्षा पदाधिकारी निर्मला बरेलिया ने शिक्षकों के साथ एक बैठक की. उन्होंने शिक्षकों को सावित्रीबाई फुले योजना का शत प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने का निर्देश दिया. उन्होंने चेतावनी दी कि योजना से एक भी छात्रा वचित रही तो शिक्षकों के वेतन भुगतान पर रोक लगेगी. उन्होंने स्कूलों के प्रधानाचार्य व विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों से कहा कि विद्यालय के फंड का इस्तेमाल विद्यालय के विकास में पूरे लगन के साथ करें. सरकारी विद्यालय के कमरे सुसजित होने चाहिए, कमरे आकर्षक रंगों की दीवार स्मार्ट बोर्ड समेत तमाम सुविधाएं दी जानी चाहिए. इसके लिए पर्याप्त फंड उपलब्ध है. इसका सही इस्तेमाल किया जाए. सरकारी स्कूल किसी से कम नहीं है. उन्होंने कहा की राज्य में पूर्वी सिंहभूम जिला 15 से पांचवें स्थान पर पहुंच चुका है. इसे पहले स्थान पर पहुंचाना है. इसके लिए उपायुक्त विजया जाधव ने लक्ष्य तय कर दिया है. सरकार ने प्रत्येक स्कूलों की पांच विषय का पेन ड्राइव दिया है. अब बच्चे स्कूल में शिक्षकों के नहीं होने का रोना नहीं रो सकते है. डिजिटल इंडिया में डिजिटल पढ़ाई को बढ़ावा दिया जायेगा. पांच विषय का पेन ड्राइव सभी स्कूलों को भेज दिया गया है. शिक्षक नहीं होने पर बाल संसद स्मार्ट क्लास में पेन ड्राइव से बच्चों को मैट्रिक परीक्षा की तैयारी करायी जायेगी. उन्होंने शिक्षकों को निर्देश दिया कि पूरे एफर्ट के साथ बच्चों को मैट्रिक की परीक्षा की तैयारी कराएं. प्रत्येक विषय के एक एक प्रश्न के उत्तर बच्चों को हल कराया जाए ताकि बेहतर रिजल्ट कर पूर्वी सिंहभूम पूरे राज्य में पहले स्थान पर पहुंच सके. बीइओ ने शिक्षकों को निर्देश दिया कहा कि प्रत्येक महीने के एक शनिवार को न बैग का अनुपालन कराएं. इस दिन बच्चे बिना बैग के स्कूल आएंगे. स्कूल में घूमेंगे फिरेंगे खेलने देंगे और शिक्षकों से सवाल करेंगे, उन्हें किसी प्रकार का रोक-टोक नहीं की जायेगी. उस दिन छात्र स्कूल में हर तरह की एक्टिविटी करने के लिए फ्री होने. इस मौके पर पूर्व शिक्षा प्रसार पदाधिकारी उदय प्रताप चौधरी, शिक्षक कनक कुमार, पुलक महापात्रा, सिंपल शर्मा, नीतू कुमारी मुकुल पाल, अरविंद गिरी, पंकज खुराना आदि उपस्थित थे.










