चाकुलिया प्रखंड क्षेत्र में जंगली हाथियों का उपद्रव बढ़ता ही जा रहा है. इस दौरान बुधवार की रात बड़ामारा पंचायत के माकड़ी गांव में एक जंगली हाथी ने वृद्ध महिला मालती सोरेन के घर को तोड़ दिया. हाथी के इस हमले में वृद्धा बाल-बाल बच गई. हाथी ने घर को ध्वस्त कर घर में रखे बर्तन समेत अन्य सामान को बर्बाद कर दिया और धान खा गया. सूचना मिलने पर गुरुवार को विधायक समीर कुमार मोहंती दलबल के साथ उनके आवास पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. इस दौरान विधायक समीर मोहंती ने आर्थिक सहयोग, चावल, तिरपाल, मुड़ी खाद्य सामग्री दिया. विधायक ने मुआवजा के रेंजर दिग्विजय सिंह से बात की. साथ ही विधायक ने प्रखंड विकास पदाधिकारी देवलाल उरांव को फोन पर बात कर जल्द भीमराव अंबेडकर आवास देने के लिए आदेश दिया. जानकारी के मुताबिक मालती सोरेन घर में अकेली ही रहती है. मालती सोरेन के घर के लगभग सभी सामान बर्बाद हो चुके हैं. इस मौके पर झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सह प्रखंड प्रमुख धनंजय करुणामय, प्रखंड सचिव बलराम महतो, गौतम दास, अमर हांसदा, मुखिया दसरथ मुर्मू, निर्मल महतो, बिक्रम मांडी, गणेश मुर्मू, राजा मांडी, सहदेव गोप, कालिया कुमार आदि उपस्थित थे.










