डुमरिया थाना क्षेत्र के कोलाबाड़िया टोला के लिपीघुटू में शुक्रवार सुबह एक 38 वर्षीय सबर युवक की बिजली के झुलते तारों के संपर्क में आने से मौत हो गई. मृतक बेसारपाहाड़ी गांवके सादमडिह टोला का रहनेवाला था. घटना के सम्बन्ध में मृतक तुंबा सबर की पत्नी सुकरु सबर ने बताया कि तुंबा सबर सुबह में किसी काम से लिपीघुटू गया था. लौटने के समय में बिजली के खम्भे से काफी नीचे झूलते तार की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मृत्यु हो गयी. ग्रामीणों ने बताया कि खेत में बिजली का तार बहुत नीचे झूल रहा है. भोर के समय अचानक से जोरदार धमाके की आवाज सुनाई पड़ी. आवाज़ सुनकर जब ग्रामीण मौके पर पंहुचे तब तुंबा सबर मेढ़ के नीचे पड़ा हुआ मिला. ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. इसके बाद डुमरिया थाना प्रभारी संजीवन उरांव मौके पर पहुंचे और शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. सबर युवक की इस प्रकार मौत के बाद बिजली विभाग की लापरवाही खुलकर सामने आ गयी है और ग्रामीणों में विभाग के प्रति आक्रोश है. ग्राम प्रधान ओपेन सोरेन समेत अन्य ग्रामीणों ने बताया कि बिजली के झुलते हुए तारों की जानकारी विद्युत विभाग के स्थानीय मिस्त्री को दिया गया था. लेकिन विभाग के द्वारा सुधार के लिए इस दिशा में कोई भी कदम नहीं उठाया गया. जिसके कारण ये घटना घटी. ग्रामीणों ने बताया कि विद्युत विभाग के अधिकारी यदि मामले को गंभीरता से लेकर सुधार करवा देते तो आज सबर युवक की जान बच सकती थी. मृतक तुंबा सबर के पांच छोटे-छोटे बच्चे हैं.
घटना के बाद मौके पर पहुंचे डुमरिया प्रखंड के उप प्रमुख चैतन मुर्मू ने मृतक की पत्नी सुकरु सबर को हर संभव मदद का भरोसा दिया. साथ ही विद्युत विभाग और अंचल कार्यालय से मुआवजा दिलाने के लिए आवश्यक पहल करने की भी बात कही.










